पश्चिम बंगाल: पूर्व मार्क्सवादी नेता निरुपम सेन का 72 साल की उम्र में निधन

Last Updated 24 Dec 2018 11:54:08 AM IST

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिग्गज नेता व पश्चिम बंगाल के पूर्व वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निरूपम सेन का सोमवार सुबह निधन हो गया।


माकपा के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व वाणिज्य और उद्योग मंत्री निरूपम सेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार की सुबह शहर के एक अस्पताल में निधन हो गया।

वह 72 साल के थे। यह जानकारी उनके पारिवारिक सूत्रों ने दी। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। 

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि आज सुबह पांच बजकर दस मिनट पर दिल का दौरा पड़ने के बाद सेन का निधन हो गया।        

पार्टी के पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य दिसंबर के शुरू में स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद से जीवनरक्षक प्रणाली पर थे और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि सेन गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और 2013 में उन्हें ब्रेन अटैक हुआ था।       

सेन 1987, 2001 और 2006 में बंगाल विधानसभा के लिए बर्दवान दक्षिण सीट से चुने गए थे। वह 2011 में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबी रंजन चट्टोपाध्याय से हार गए थे।
  

पार्टी सूत्रों ने कहा कि सेन का पार्थिव शरीर उनके निवास ले जाया जाएगा और फिर इसे एक निजी शवगृह पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को सेन का शव यहां स्थित सीटू कार्यालय ले जाया जाएगा। इसके बाद इसे पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचाया जाएगा जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।          

उसी दिन उनके गृहनगर वर्धमान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

एजेंसिया
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment