भारी दबाव का क्षेत्र 'फैलिन' चक्रवात में हुआ तब्दील, अलर्ट जारी

Last Updated 09 Oct 2013 09:29:11 PM IST

ओड़िशा और आंध्र प्रदेश के ऊपर भारी दबाव वाला क्षेत्र उत्तरी अंडमान निकोबार द्वीप समूह को पार करने के बाद 'फैलिन' चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया.


आंध्र-ओड़िशा के करीब पहुंचा चक्रवाती तूफान (फाइल फोटो)

मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया कि अगले 12 घंटों में यह चक्रवाती तूफान का रूप लेकर 12 अक्टूबर की रात को कलिंगपत्तनम और पारादीप के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओड़िशा तट को ‘175-185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ’ पार करेगा.

14 जिलों में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

ओड़िशा सरकार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया और 14 जिलों में कर्मचारियों की दशहरा की छुट्टियां रद्द कर दीं. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कलेक्टरों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा.
    
बालेर, भद्रक, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, कटक, केन्द्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, खुरदा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में अलर्ट जारी किया गया.
    
राजस्व मंत्री सूर्य नारायण पात्रो ने कहा कि 10 अक्टूबर से 14 जिलों में ओड़िशा आपदा प्रतिक्रिया बल तैनात करने का फैसला किया गया है. उन्होंने निर्देश दिया कि आपदा प्रतिक्रिया बल और दमकलकर्मी अभ्यास करें.
    
पात्रो ने लोगों से अपील की कि वे घबरायें नहीं क्योंकि सरकार चक्रवात से निबटने के लिए सभी संभव उपाय कर रही है. इससे पहले राज्य सरकार ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय से राहत एवं बचाव अभियानों के लिए हेलीकॉप्टर तैयार रखने के लिए कहा था.
    
विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्रा ने कहा कि अधिकारियों से चक्रवात आश्रयों में खाद्य एवं राहत सामग्री का भंडार रखने के लिए कहा. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि चक्रवात की स्थिति पर गुरुवार को कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है.

बारिश की बूंदों के बीच दुर्गा पूजा
    
उधर, कोलकाता से प्राप्त खबर के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में लोग बारिश की बूंदों के बीच दुर्गा पूजा मना रहे हैं और मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर तक पड़ोसी राज्य ओड़िशा में भीषण चक्रवात आने का पूर्वानुमान लगाया है.
    
क्षेत्रीय मौसम विभाग के प्रभारी संजीब बंदोपाध्याय ने कोलकाता में कहा कि चक्रवात का कोई सीधा असर होने की संभावना नहीं है.

इस चक्रवात के 12 अक्टूबर की रात तक कलिंगपत्तनम और पारादीप के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और ओड़िशा तट पर पहुंचने की संभावना है जिसके कारण निश्चित रूप से बारिश होगी.



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment