मुंडका आग : फायर एनओसी पर जल्द फैक्ट्री एसोसिएशन्स से चर्चा करेगा सीटीआई

Last Updated 15 May 2022 05:25:14 AM IST

मुंडका की फैक्ट्री में लगी भीषण आग की घटना पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे वेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।


फायर एनओसी पर जल्द फैक्ट्री एसोसिएशन्स से चर्चा करेगा सीटीआई

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव विष्णु भार्गव ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, इसके बाद से दिल्ली के फैक्ट्री मालिकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

सीटीआई महासचिव रमेश आहूजा एवं उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज ने बताया कि दिल्ली में बहुत सी फैक्ट्रियों में फायर डिपार्टमेंट की एनओसी नहीं होती है, जो कि बहुत जरूरी है विशेषकर छोटी फैक्ट्री यूनिटों में फायर एनओसी एक बहुत बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि  विभाग से एनओसी लेने में कई तरह की कठिनाई और तामझाम की शिकायत फैक्ट्री मालिक करते रहे हैं।


 अब सीटीआई जल्द दिल्ली के फैक्ट्री मालिकों के साथ एक मीटिंग करेगा, इसमें एनओसी और नियमों को लेकर चर्चा होगी। यदि किन्हीं कारणों से फायर एनओसी लेने में अड़चन पैदा होती है, तो इसका समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार फैक्ट्री मालिक एनओसी के लिए अप्लाई कर देते हैं, जिसमें काफी देरी हो जाती है।

वहीं एनओसी का रिन्युअल भी समय पर नहीं हो पाता। कई तरह के नियम और अड़चनों की वजह से फैक्ट्री मालिक एनओसी लेने में कतराते भी हैं, जो कि ठीक नहीं है। यह जान और माल दोनों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। फैक्ट्री मालिकों और प्रमुख व्यापारी नेताओं के साथ मीटिंग में वास्तविक समस्याओं पर डिस्कस करेंगे।

बृजेश गोयल ने बताया कि दिल्ली सरकार किस तरह से सपोर्ट कर सकती है, उस पर ड्राफ्ट तैयार करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली सरकार के फायर एवं गृहमंत्री सत्येंद्र जैन और दिल्ली फायर डिपार्टमेंट से भी संपर्क करेंगे। यदि किसी इंडस्ट्रियल क्षेत्र और बाजार में फायर टेंडर तैनात करना होगा, तो उसकी भी गुहार लगाएंगे। दिल्ली में कई बाजार संकरी गलियों में हैं। यहां आपात स्थिति में पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है, लिहाजा भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम करने होंगे।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment