गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिल्ली में पारा 46.2 डिग्री

Last Updated 24 May 2020 02:12:14 AM IST

दिल्ली में भीषण गर्मी के साथ लू चलनी शुरू हो गई है। शनिवार को गर्मी ने पांच वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आयानगर इलाके का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि सबसे गर्म सुबह नजफगढ़ का इलाका रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


राजधानी में झुलसाने वाली गर्मी में खुद को राहत देने के लिए पानी से मुंह धोता एक व्यक्ति। फोटो : आईएएनएस

वहीं दूसरी ओर दिल्ली का औसतन अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम औसतन तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा कि शनिवार से दिल्ली में लू चलनी शुरू हो गई।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति अगले तीन चार दिनों तक बनी रहने वाली है। उन्होंने कहा कि 28-30 तारीख के बीच बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पांच वर्षो के दौरान आज के दिन कभी भी पारा इतना ऊपर नही चढ़ा था। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी का तापमान 45 और 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिन में 20-30 किलोमीटर की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।

दो दिनों तक राजधानी की हवा रहेगी खराब
राजधानी में रविवार व सोमवार को धूल भरी तेज हवा चलने के आसार हैं। इसके कारण प्रदूषण खराब स्तर पर पहुंच जाएगा। भारत सरकार के संस्थान ‘सफर’ के अनुसार राजधानी में चलनी वाली हवा से धूलकणों का बिखराव बढ़ेगा और प्रदूषण की स्थिति गंभीर होगी। लाकडाउन का चौथा चरण शुरू होने और वाहनों का आवागमन शुरू होने के साथ ही राजधानी में प्रदूषण की स्थिति खराब होती जा रही है।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment