लॉकडाउन पर तीन मई के बाद स्थिति स्पष्ट होगी

Last Updated 28 Apr 2020 01:56:45 AM IST

लॉकडाउन व कोरोना वायरस के विषय पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक हुई। उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि लॉकडाउन पर तीन मई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया (फाइल फोटो)

वर्तमान परिस्थिति का दो या तीन बार आंकलन किया जाएगा। लॉकडाउन खुलेगा कहना मुश्किल है। दिल्ली सरकार पर लॉकडाउन का आर्थिक असर भी पड़ा है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि अभी सिर्फ  आपात सेवाओं और स्थानीय दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। कोई भी मुख्यमंत्री ऐसी स्थिति में नहीं है कि वे फैसला ले सके। इसलिए तीन तारीख को ही निर्णय करना होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना अभी पूरी दिल्ली में नहीं फैला है, जहां पर हॉटस्पॉट जोन बने हैं, वहां से आगे नहीं फैला है। लॉकडाउन का पालन जहां भी सख्ती से हो रहा है, वहां उसे ग्रीन जोन में बदल रहे हैं। कुछ और हॉटस्पॉट जल्द खोल दिए जाएंगे।

राजधानीवासियों को लॉकडाउन का पालन करना होगा। महीने भर से जारी लॉकडाउन के वित्तीय प्रभाव पर वित्त मंत्री सिसोदिया ने कहा कि खर्च ज्यादा है और टैक्स नहीं मिल रहा है। पिछले वर्ष अप्रैल महीने में 3500 करोड़ रुपए कर वसूली हुई थी, जबकि इस बार अभी तक 325 करोड़ तक का ही टैक्स आया है। कोरोना समाप्त होने के बाद ही इस स्थिति से निकलना संभव है।

दिल्ली सरकार के पास कर वसूली का रास्ता बिक्री से है, लेकिन खरीद- बिक्री हो ही नहीं रही है। केंद्र सरकार से कोई अलग आर्थिक पैकेज नहीं मिला है। बाकी राज्यों को जो पैसा मिला है, वह भी पैसा दिल्ली को नहीं मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चर्चा में दिल्ली की ओर से अभी लॉकडाउन पर फैसला लेने के लिए समय मांगा गया।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment