इंदिरा गांधी की तरह मेरी भी हो सकती है हत्या : केजरीवाल

Last Updated 19 May 2019 05:15:44 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा उनकी जान के पीछे पड़ी हुई है।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

उन्होंने दावा किया कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की तरह ही उनकी भी हत्या हो सकती है। इंदिरा गांधी की हत्या उनके निजी सुरक्षा अधिकारी ने की थी।
आप के प्रमुख केजरीवाल ने पंजाब में एक समाचार चैनल से कहा, ‘भाजपा एक दिन इंदिरा गांधी की तरह ही मेरे पीएसओ से ही मेरी हत्या करा देगी। मेरे अपने सुरक्षा अधिकारी भाजपा को रिपोर्ट करते हैं।’ उन्होंने कहा कि भाजपा मेरी जान के पीछे पड़ी है, वह एक दिन मेरी हत्या करा देंगे। केजरीवाल अपनी पार्टी के प्रचार के लिए पंजाब में है।

आप राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के मोतीनगर क्षेत्र में एक रोड शो के दौरान एक व्यक्ति ने केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया था। दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि दोषी आप का एक असंतुष्ट कार्यकर्ता है लेकिन पार्टी ने हमले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था। केजरीवाल ने कहा कि मेरी हत्या कर दी जाएगी और पुलिस कहेगी कि यह एक असंतुष्ट पार्टी कार्यकर्ता था।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment