फूलों से सजे मतदान केंद्रों में मतदाताओं की आवभगत

Last Updated 13 May 2019 06:46:29 AM IST

रोहिणी विधानसभा स्थित आदर्श मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता वहां की साज-सज्जा और व्यवस्था देख हैरत में पड़ गए। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि ये मतदान केंद्र है या शादी का मंडप।


फूलों से सजाया गया डीडीयू मौर्ग स्थित सर्वोदय विद्यालय का मतदान केंद्र। फोटो : एसएनबी

मतदान केंद्र को शाही शामियाने, फूलों, गुब्बारों व रेड कारपेट से सजाया गया था। यहां मतदान करने पहुंचे मतदाताओं के चेहरे पर मुस्कान, हैरत व सुकून साफ नजर आ रहा था। मतदान केंद्र में लगाई गई एलसीडी में मतदान व उससे जुड़ी खबरों को दिखाया जा रहा था। कड़कती धूप में प्यास बुझाने के लिए केंद्र में पेयजल की भी व्यवस्था की गई थी।

साथ ही दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर भी था। इसी प्रकार सुल्तानपुरी स्थित स्कूल में बने मतदान केंद्र को भी आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां भी हर कमरे को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बच्चों को रखने के लिए क्रैच की भी व्यवस्था की गई थी। यहां मतदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए डिप्टी मेयर प्रीति अग्रवाल भी पहुंचीं थीं।

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने बनाए 32 मॉडल मतदान केंद्र : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने 32 मॉडल मतदान केंद्र की स्थापना की थी। चारों जोनों में सुविधासंपन्न 5133 मतदान केंद्र भी तैयार किए गए। इन केंद्रों में फूलों और गुब्बारों से आकषर्क सजावट की गई थी। इसके साथ ही सुंदर फर्नीचर और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।

यहां तैनात कर्मचारी बहुत शिष्टता से लोगों से व्यवहार कर रहे थे और दिव्यांगों और बुजुगरे की सहायता कर रहे थे। मतदाताओं को बैठने के लिए सोफा और कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा किट, विजली, संकेतक, शिशु गृह, और कतार प्रबंधन की व्यवस्था ने मतदाताओं का दिल जीत लिया।

एसकेवी न. 1 पालम एंक्लेव, सी 2 किलोकरी जलविहार टैंक पुष्प विहार और केंद्रीय  विद्यालय न. 2 जेएनयू रोड स्थित मॉडल केंद्रों की मतदाताओं, कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों  ने सराहना की। निगम आयुक्त  ने भी गुणवत्तापूर्ण प्रबंध के लिए अपर आयुक्त चुनाव रमेश वर्मा, सभी जोन के उपायुक्तों तथा  कर्मचारियों की प्रशंसा की।
 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment