दिल्ली दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर

Last Updated 12 Jul 2014 06:36:37 AM IST

जापान की राजधानी टोक्यो के बाद वर्ष 2014 में दिल्ली दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर बन गया.


दिल्ली दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर

इसकी आबादी 1990 के बाद दोगुने से अधिक बढ़कर 2.5 करोड़ तक पहुंच गई. वैश्विक शहरीकरण संभावना के वर्ष 2014 के संस्करण में कहा गया कि भारत में 2050 तक शहरी आबादी सबसे अधिक बढ़ने की संभावना है और यह चीन से भी अधिक होगी. दिल्ली कम से कम 2030 तक दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर बना रह सकता है जबकि इसकी आबादी तेजी से बढ़कर 3.6 करोड़ तक पहुंच जाएगी.

संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट के अनुसार टोक्यो 3.80 करोड़ की आबादी के साथ दुनिया की सबसे अधिक आबादी शहर रहा है. हालांकि, इस शहर की आबादी में गिरावट के संकेत हैं लेकिन फिर भी 2030 तक यह विश्व का सबसे बड़ा शहर बना रह सकता है. तब इसकी आबादी 3.7 करोड़ होगी. रिपोर्ट में सबसे अधिक आबादी वाले शहरों की सूची में मुंबई छठे स्थान पर है. वर्ष 2030 तक 2.80 करोड़ की आबादी के साथ यह दुनिया का चौथा शहर बन जाएगा. फिलहाल इसकी आबादी 2.1 करोड़ है.

टोक्यो और नई दिल्ली के बाद शंघाई का स्थान है जिसकी आबादी 2.3 करोड़ रही और मैक्सिको सिटी, मुंबई और साओ पाओलो की आबादी 2014 में करीब 2.1-2.1 करोड़ रही. रपट में कहा गया कि 2014 से 2050 के बीच शहरी आबादी में सबसे अधिक बढ़ोतरी भारत, चीन और नाइजीरिया में होगी और वैश्विक शहरी आबादी में होने वाली अनुमानित वृद्धि में इन देशों का योगदान 37 फीसद रहेगा.

भारत में 2050 तक शहरी आबादी में 40.4 करोड़ के इजाफे की उम्मीद है जो कि चीन की आबादी में 29.2 करोड़ बढ़ोतरी के मुकाबले बहुत अधिक होगी. नाइजीरिया की शहरी आबादी में 21.2 करोड़ का इजाफा होगा. भारत की मौजूदा शहरी आबादी 41 करोड़ है और 2050 में यह बढ़कर 81.4 करोड़ हो जाएगी.

चीन की मौजूदा शहरी आबादी सबसे अधिक 75.8 करोड़ है. विश्व की शहरी आबादी में भारत और चीन का योगदान 30 फीसद है.

अमेरिका, ब्राजील, इंडोनेशिया, जापान और रूस के साथ इन दोनों एशियाई देशों में विश्व की आधी से अधिक शहरी आबादी रहती है. विश्व की करीब 54 फीसद आबादी फिलहाल शहरी इलाकों में रहती है और 2050 तक यह अनुपात बढ़कर 66 फीसद हो जाएगा. सबसे अधिक शहरी आबादी अफ्रीका और एशिया में बढ़ेगी. संयुक्त राष्ट्र की आबादी के मुताबिक विश्व की शहरी आबादी अब 3.9 अरब डालर है और उम्मीद है कि 2050 तक यह बढ़कर 6.3 अरब हो जाएगी.

विश्व की ग्रामीण आबादी में 1950 से अब तक धीमा विस्तार हुआ है और उम्मीद है कि कुछ साल में यह अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा. फिलहाल विश्व भर में ग्रामीण इलाकों में 3.4 अरब लोग रहते हैं. हालांकि, 2020 के बाद विश्व की ग्रामीण आबादी घटने लगेगी और उम्मीद है कि 2050 तक यह 3.2 अरब पर पहुंच जाएगी. भारत में फिलहाल सबसे अधिक 85.7 करोड़ लोग ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं जिसके बाद 63.5 करोड़ की ग्रामीण आबादी के साथ चीन का दूसरा स्थान है.



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment