![]() |
दिल्ली में शादी की छठी सालगिरह के मौके पर एक महिला व उसके दो साल के मासूम बेटे की घर में ही हत्या कर दी गई. महिला का विकलांग पति भी घायल मिला. पुलिस का कहना है कि महिला के पति ने ही दोहरे हत्याकांड को अंजाम देकर खुदकुशी का प्रयास किया और खुद ही फोन कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस हत्या के पीछे वजह महिला की पति से बेवफाई बता रही है. वहीं महिला के परिजन इसे षड्यंत्र रचकर की गई हत्या करार दे रहे हैं. उनका तर्क है कि महिला का पति विकलांगता के चलते खुद पानी लेकर पीने में भी सक्षम नहीं है, तो वह अकेला हत्या कैसे कर सकता है. महिला के परिजन उसके ससुराल वालों पर हत्याकांड में शामिल होने का शक जता रहे हैं. बृहस्पतिवार की रात फोन पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई जहां डाक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया. उनके नाम श्वेता मैनी (25) और गर्व मैनी (2) हैं. पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में श्वेता के विकलांग पति नितिन को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. बाहरी जिला के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक रोहिणी सेक्टर-22 में नितिन अपनी पत्नी श्वेता मैनी, गर्व मैनी, दो भाइयों और पिता के साथ रहता था. तीन साल पहले नितिन एक सड़क हादसे के बाद वह कमर से नीचे विकलांग हो गया. तब से वह घर पर ही रहता है. बृहस्पतिवार को उसकी शादी की छठी साल गिराह मनाई गई थी. इस अवसर पर घर में पार्टी थी. देर रात तक सभी जगे हुए थे. इस बीच नितिन को फोन पर एक युवक ने बताया कि वह श्वेता से चार जनवरी को शादी कर चुका है. चूंकि श्वेता भी इस युवक से शादी करने की इच्छा नितिन के सामने पहले जाहिर कर चुकी थी इस कारण फोन सुनने के बाद नितिन विचलित हो गया. जब रात को सभी अपने अपने कमरों में चले गए तो नितिन ने चुन्नी से गला घोटकर पहले श्वेता की हत्या की फिर बेटे गर्व का गला घोटा. इसके बाद नितिन ने पेट में कैंची घोंपकर खुदकुशी का प्रयास किया. रात करीब दो बजे घायल नितिन ने ही पुलिस व अपने ससुराल वालों को फोन कर दोहरे हत्याकांड की सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस नितिन के कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. जब पुलिस ने श्वेता और गर्व के बारे में पूछा तो उसने कहा कि दोनों की हत्या करने की बात कहते हुए दोनों के शव रजाई ढंके बताए. रजाई हटाने पर पुलिस ने दोनों को अचेत पाया. नितिन सहित इन दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने श्वेता और गर्व को मृत घोषित कर दिया. बाहरी जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में विकलांग होने के बाद नीतिन को 21 लाख रुपये मुआवजा मिला था. ये रुपये श्वेता और बेटे गर्व के नाम से जमा थे. श्वेता पूर्वी दिल्ली स्थित किसी एनजीओ में नौकरी भी करने लगी थी. नितिन का एक भाई टैक्सी चलाता है. उसके एक टैक्सी चालक दोस्त से श्वेता की दोस्ती हो गई. कुछ महीने पहले श्वेता ने उस टैक्सी चालक से शादी करने की बात अपने पति नितिन को बतायी थी. इसपर नितिन ने श्वेता से कहा कि वह जो भी कदम उठाए परिवार की मंजूरी से करे. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि नितिन ने बेटे की हत्या उसके भविष्य के प्रति चिंतित होकर की थी. पुलिस जांच में गर्व के गाल पर खरोंच का निशान मिला है. पुलिस उस शख्स का पता लगा रही है जिसने नितिन से फोन पर श्वेता से शादी करने की बात कही थी. नितिन के पिता का आरोप नितिन के पिता महेन्द्र पाल बताया है कि हादसे के बाद से नितिन की सास बहू पर दूसरी शादी के लिए दबाव बना रही थी. यह बात नितिन को पता चल गई. इससे वह बहुत आहत था और चिड़चिड़ा हो गया. जबकि नितिन पहले से ही झगड़ालू स्वभाव का है. मायके वालों का आरोप दूसरी ओर मायके वालों का आरोप है कि हत्या को किसी षडयंत्र के तहत अंजाम दिया गया है. नितिन शारीरिक रूप से अक्षम होने के कारण इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता है. उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद से नितिन का कमर से नीचे का पूरा हिस्सा बेकार हो गया है. अस्पताल में श्वेता के भाई सुमित ने बताया कि नितिन व्हील चेयर पर रहता है. वह खुद से न तो पानी और न खाना ही खा सकता है. यहां तक कि बिस्तर पर करवट भी नहीं बदल सकता है. आरोप है कि वारदात के पीछे 21 लाख रुपए की वह रकम है जो नितिन के विकलांग होने के बाद उसे मुआवजे के रूप में मिली थी. तीन साल पहले दिल्ली कैंट इलाके में मिलिट्री के एक ट्रक की चपेट में आकर विकलांग होने के चलते मुआवजे के रूप में उसे आर्मी की तरफ से 21 लाख रुपए की रकम मिली थी. नितिन ने पूरी रकम पत्नी और बच्चों के नाम कर दी थी. सुमित के मुताबिक कुल रकम में से एक बड़ा हिस्सा श्वेता ने पति के कहने पर उसके छोटे भाइयों को उधार दे दिया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्होंने रुपए नहीं लौटाए. इस बात को लेकर अक्सर घर में कहासुनी होती रहती थी. श्वेता के मायके वालों को शक है कि रुपयों को लेकर ही दोनों की हत्या की गई है.
|
|||||||||||||||||||||||||||||||||||