मप्र में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 61 फीसदी मतदान

Last Updated 07 Jul 2022 02:57:04 AM IST

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान की रफ्तार बुधवार को शुरूआती दौर में कई इलाकों में हुई बारिश के चलते धीमी रही।


मप्र में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 61 फीसदी मतदान

बाद में राज्य में कुल मतदान का प्रतिशत 61 पर पहुंच गया। कई स्थानों पर मतदाताओं को पर्चियां नहीं मिलने की शिकायतें भी सामने आईं। राज्य में नगरीय निकाय के चुनाव दो चरण में हो रहे हैं। पहले प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषद में मतदान हो रहा है। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाये गए। इनमें से 3296 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में लगभग 79 हजार कर्मचारी-अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी ,लगभग 27 हजार पुलिस बल के जवान तैनात किए गए।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया और मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है, यही कारण है कि कई इलाकों में मतदाताओं की कतारें भी नजर आ रही हैं। तमाम उम्मीदवार अपने आराध्यों को याद कर देवालयों में पूजा पाठ करने के बाद मतदान करने पहुंचे।

नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2022 के प्रथम चरण में शाम आठ बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी 133 नगरीय निकायों में शांति पूर्ण मतदान संपन्न हुआ। कुल 61 प्रतिशत अनुमानित मतदान हुआ। इनमें 59.10 प्रतिशत महिला, 63.20 प्रतिशत पुरूष और 34.60 प्रतिशत अन्य मतदाता हैं। प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों में मतदान हुआ। आज हुए मतदान में सुबह 9 बजे तक 11 प्रतिशत, सुबह 11 बजे तक 26 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 42 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 52 प्रतिशत और शाम 5 बजे तक 61 प्रतिशत मतदान हुआ।



राज्य के कई हिस्सों मंे बुधवार को बारिश हुई है, जिससे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुॅचने में दिक्कत हुई, यही कारण है कि भाजपा की प्रदेश इकाई ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र सौंपकर ग्वालियर में हुई बारिश और उससे मतदान पर पड़े असर का जिक्र करते हुए मतदान का समय एक घंटे बढ़ाते हुए पांच से छह बजे करने का आग्रह किया।

इस प्रथम चरण में 11 नगरपालिक निगम में महापौर पद के 101 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। कुल 133 नगरीय निकाय में 2850 पार्षद के पद हैं। इनमें से 42 पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष 2808 पद पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 11 हजार 250 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रथम चरण में मतदान के करने वाले मतदाताओं की संख्या एक करोड़ चार लाख 41 हजार 897 है, इनमें से 53 लाख 62 हजार 457 पुरूष और 50 लाख 78 हजार 635 महिला तथा 805 अन्य मतदाता हैं।

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment