विकास दुबे एनकाउंटर: उमा भारती ने कहा, अब तीन बातों पर रहस्य की परत
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने गैंगस्टर विकास दुबे प्रकरण पर तीन बातों पर रहस्य की परत होने की बात कही है।
![]() मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती (फाइल फोटो) |
उमा भारती ने ट्वीट कर कहा है कि देवेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार डीएसपी और उनके साथ आठ पुलिस अधिकारी एवं सिपाहियों की निर्मम हत्या करने वाले राक्षस विकास दुबे को मार गिराने के लिए उप्र पुलिस को बधाई। उप्र पुलिस की जय हो। अभी भी उसने भाग निकलने की चेष्टा की किंतु वह मार गिराया गया।
उमा भारती ने विकास के उज्जैन तक पहुंचने को लेकर सवालिया अंदाज में लिखा है। अब तीन बातें रहस्य की परत में हैं। वह उज्जैन तक कैसे पहुंचा?, वह महाकाल परिसर में कितनी देर रहा?, उसका चेहरा टीवी पर इतना दिखा कि उसे कोई भी पहचान लेता तो उसको पहचाने जाने में इतना समय कैसे लगा?
'भगवान महाकाल ने विकास दुबे का संहार कर दिया'
विकास के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से बात करने की बात कहते हुए उमा भारती ने लिखा है, "मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से इस विषय पर बात अवश्य करूंगी किंतु यह सच्चाई तो सामने आ गई कि भगवान महाकाल ने देवेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार पुलिस अधिकारी के हत्यारे का संहार कर दिया।"
मालूम हो कि कुख्यात अपराधी और यूपी के कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया।
| Tweet![]() |