योगी सरकार के मंत्री रघुराज सिंह ने की बुर्का पर बैन की मांग

Last Updated 10 Feb 2020 01:10:28 PM IST

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह ने मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले बुर्के पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए एक और विवाद को जन्म दे दिया है।


उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रघुराज सिंह (फाइल फोटो)

मंत्री ने कहा बुर्का का इस्तेमाल आतंकवादियों द्वारा अपनी पहचान छिपाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने यह जाहिर तौर पर आगरा में शाहजमाल इलाके में महिलाओं द्वारा सीएए के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के संदर्भ में कहा।

मंत्री ने आगे कहा कि बुर्का पहनना अरब देशों में शुरू हुआ और यह भारतीय रिवाज नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत को इसके इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाना चाहिए और उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल श्रीलंका में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बाद श्रीलंका ने भी इस पर प्रतिबंध लगा दिया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों घायल हुए थे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कहा था कि युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डंडे से मारेंगे, पर प्रतिक्रिया देते हुए रघुराज सिंह ने कहा कि मोदी और योगी आदित्यनाथ राष्ट्र के आइकन हैं और कोई भी इस तरह की बात को बर्दाश्त नहीं करेगा।

यह पहला मौका नहीं है जब मंत्री ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने पहले कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारे लगाने वालों को 'जिंदा दफन कर दिया जाएगा'।

उन्होंने सीएए के बारे में जागरूकता लाने के लिए अलीगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही थी।

आईएएनएस
आगरा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment