भिंड: चंबल में बाढ़, 11 गांव खाली कराए गए, सेना ने सम्भाला मोर्चा

Last Updated 16 Sep 2019 12:38:03 PM IST

मध्य प्रदेश के भिंड में राजस्थान के कोटा बैराज डैम से लगातार चंबल नदी पर पानी छोड़े जाने के चलते नदी उफान पर है।


(फाइल फोटो)

बाढ़ के हालात को देखते हुए जिले के अटेर और सुरपुरा क्षेत्र के 11 गांव को खाली करा लिया गया है। वहीं सेना ने भी मोर्चा सम्भाल लिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भिंड कलेक्टर छोटे सिंह, पुलिस अधीक्षक रूडोल्फ अल्वारेस ने अटेर-सुरपुरा के 11 गांवों को चिन्हित किया था। एक-एक गांव में लोगों को समझाइश देकर बताया, पानी बहुत ज्यादा आएगा। आप लोग गांव से सुरक्षति स्थानों पर चलें। इसके बावजूद ग्रामीण घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। काफी समझाइश के बाद कुछ ग्रामीण तैयार हुए। कल देर शाम तक करीब 500 महिलाएं, बच्चों और पुरुषों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

कलेक्टर छोटे सिंह और पुलिस अधीक्षक रूडोल्फ अल्वारेस ने चंबल नदी किनारे के अटेर और सुरसुरा 11 गांव चिन्हित कर लिए गए हैं। इन गांवों में पुलिस-प्रशासन के जवानों को तैनात करने का दावा किया गया है। कलेक्टर ने लोगों को समझाइश दी है कि यदि किसी तरह का खतरा हो तो रात में भी रेस्क्यू किया जाएगा। देर शाम ग्वालियर से सेना के 70 जवान अटेर पहुंचे है।

कलेक्टर-एसपी ने सेना को हाईरिस्क वाले गांवों का मुआयना करा दिया है, ताकि बाढ़ के ज्यादा हालात बनें तो सेना तत्काल अपना काम शुरू कर देगी। चंबल नदी किनारे के गांवों में बाढ़ के हालात को देखते हुए कल चंबलरेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक गोयल भी भिंड आ गए। डीआईजी ने भिंड के एडीशनल एसपी संजीव कंचन के साथ जायजा लिया है।

पुलिस अधीक्षक रूडोल्फ अल्वारेस ने बताया कि हमारी टीमें लगातार ग्रामीणों के संपर्क में हैं। सभी को सुरक्षति स्थानों पर आने के लिए कहा जा रहा है। चंबल पुल पर भी निगरानी बढ़वा दी है। बाढ़ के हालात को देखते हुए अतिरिक्त बल भी अटेर और सुरपुरा में तैनात किया गया है।

 

वार्ता
भिंड


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment