आईएसआई से धन ले रहे हैं भाजपा और बजरंग दल : दिग्विजयसिंह

Last Updated 01 Sep 2019 03:53:17 PM IST

कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजयसिंह ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी और बजरंग दल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से धन ले रहे हैं।


कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजयसिंह

कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजयसिंह ने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए मुसलमानों से ज्यादा गैर-मुसलमान जासूसी कर रहे हैं।      

दिग्विजय ने मध्यप्रदेश के भिंड में शनिवार शाम को संवाददाताओं से कहा, ‘‘बजरंग दल और भाजपा आईएसआई (पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी) से पैसा ले रहे हैं। इन पर थोडा ध्यान दीजिए।’’      

उन्होंने आगे कहा, ‘‘एक बात और बताऊं, पाकिस्तान से आईएसआई के लिए जासूसी मुसलमान कम कर रहे हैं, गैर-मुसलमान ज्यादा कर रहे हैं। इस बात को भी समझ लीजिए।’’      

उनके इस विवादित बयान के बाद विपक्षी दलों द्वारा उनकी खिंचाई करने पर दिग्विजय ने ट्विटर पर रविवार को लिखा, ‘‘कुछ चैनल चला रहे हैं कि मैंने भाजपा पर यह आरोप लगाया है कि वे आईएसआई से पैसा ले कर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हैं। यह पूरी तरह से गलत है।’’   

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘बजरंग दल व भाजपा के आईटी सेल के पदाधिकारी द्वारा आईएसआई से पैसे लेकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस ने पकड़ा है। मैंने यह आरोप लगाया है, जिस पर मैं आज भी कायम हूँ। चैनल वाले यह सवाल भाजपा से क्यों नहीं पूछते।’’      

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दिग्विजय पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि खबरों में बने रहने के लिए वह ऐसे बयान देते हैं।      

चौहान ने आज ट्विटर पर लिखा, ‘‘दिग्विजयसिंह जानबूझकर ऐसी बयानबाज़ी करते हैं। वह और उनके नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। उनकी विसनीयता बची नहीं है। मैं उनके बयान को इसलिए गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि सारा देश संघ और भाजपा की देशभक्ति को जानता है, हमें दिग्विजय जी के प्रमाण की ज़रूरत नहीं है।      

उन्होंने लिखा है, ‘‘दिग्विजयसिंह, ओसामा जी और हाफीज़ जी कहने वाले नेता हैं। वह विवादित बयान इसलिए देते हैं, ताकि सुर्खियों में बने रहें। वे और उनके नेता जो पाकिस्तान चाहता है, वो बोलते हैं। ऐसे नेता को ना मैं गंभीरता से लेता हूं और नाहीं देश लेता है।’’  

   

चौहान ने कहा, ‘‘दिग्विजयसिंह की खुद की मानसिकता पाकिस्तान के साथ खड़े रहने की है। उनके नेता राहुल जी ने भी धारा 370 के मामले में ऐसा बयान दिया कि जिसका उपयोग पाकिस्तान ने किया। ऐसे नेता की बात का क्या जवाब देना, देश सच जानता है’’।

भाषा
भिंड (मध्यप्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment