BJP नेताओं के निधन पर बोलीं प्रज्ञा ठाकुर, मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा विपक्ष

Last Updated 26 Aug 2019 02:52:09 PM IST

मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है।


प्रज्ञा सिंह ठाकुर

प्रज्ञा ने आशंका जताई है कि भाजपा नेताओं के असमय जाने के पीछे कहीं विपक्षी दलों की मारक (तंत्र-मंत्र) शक्तियों का प्रयोग तो नहीं है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्व वित्तमंत्री दिवंगत अरुण जेटली व पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल गौर के लिए आयोजित शोकसभा में प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, "लोकसभा चुनाव के दौरान उनसे एक महाराज जी ने कहा था कि आप साधना कम नहीं करना, साधना का समय बढ़ाते रहना, क्योंकि बहुत बुरा समय है। जो विपक्ष है, वह ऐसा कार्य कर रहा है। ऐसी मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा है, जो भाजपा पर कर रहा है। यह भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए है।"

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने साधु द्वारा कही गई बात का ब्यौरा देते हुए कहा, "महाराज जी ने कहा था, मारक शक्ति का निश्चित रूप से भाजपा के कर्मठ, योग्य और ऐसे लोग जो भाजपा को संभालते हैं, उन पर असर पड़ेगा। उनको हानि पहुंच सकती है और आप टारगेट हैं, इसलिए अपना ध्यान रखिएगा। मैंने महाराज जी की बात सुनी और उसे भूल गई। आगे देखती हूं कि हमारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सुषमा स्वराज, बाबूलाल जी और फिर जेटली जी और ऐसे क्रमश: हमारे नेता जाते हैं तो मन में आया कि कहीं यह सच (मारक शक्ति का प्रयोग) तो नहीं। यह आज भी प्रश्न वाचक है। मगर सच यह है कि हमारा नेतृत्व निरंतर असमय हमारे बीच से जा रहा है।"



मालूम हो कि प्रज्ञा ठाकुर लगातार अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने गोडसे को देशभक्त करार दिया था, उसके बाद उनकी खूब आलोचना हुई तो उन्होंने माफी मांग ली थी। इतना ही नहीं प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाराजगी जताई थी।

 

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment