अब विधानसभा में बोले हेमंत सोरेन- बैंक कब डूब जाएंगे पता नहीं, पैसा गाड़ कर रखें

Last Updated 01 Mar 2023 08:39:24 PM IST

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा में बुधवार को कहा है कि आज बैंकों में पैसा रखने से बेहतर है कि रुपए को पॉलिथिन में बांधकर जमीन में गाड़ दें। हालत यह हो गई है कि बैंक और एलआईसी जैसी संस्थाएं किस रोज डूब जाएं पता नहीं।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब दे रहे थे। उन्होंने केंद्र की सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने देश की डगमग अर्थव्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहराया। झारखंड के पिछड़ेपन का ठिकरा भी भाजपा के सिर पर फोड़ते हुए सीएम ने कहा कि राज्य बनने के बाद ज्यादातर समय इनकी सत्ता रही। इन्होंने राज्य की चिंता कभी नहीं की। इनकी चिंता इतनी है कि ये वापस कैसे आएंगे। यही वजह है कि ये लगातार भ्रष्टाचार और लॉ एंड आर्डर की बात उठा रहे हैं। राज्य में यह स्थिति एक दिन में नहीं बनी है। सारा कुछ इनका किया हुआ है। हम तो इस कीचड़ को साफ कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान भाजपा के विधायकों ने सदन का बहिष्कार कर दिया। उनकी अनुपस्थिति में सोरेन ने कहा कि विपक्ष के लोग ऐसे समूह से आते हैं, जिनके पास असीम शक्तियां हैं। ये उस समुदाय के लोग हैं, जो गुजरात चलाते हैं, महाराष्ट्र चलाते हैं और पूरा देश चलाते हैं। झारखंड भी इन्हीं के हाथ में था, लेकिन उनके पास इसका जवाब नहीं है कि यह राज्य पिछड़ा क्यों रह गया? उन्होंने झारखंड को योजनाबद्ध तरीके से लूटखंड और चारागाह बनाकर रख दिया था।

 

 

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment