गैंगरेप मामला: भाजपा की पूर्व मंत्री लुईस मरांडी बोलीं- नहीं रोक सकते बलात्कार तो चूड़ियां पहन ले हेमंत सरकार
झारखंड की पूर्व मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने राज्य में गैंगरेप की घटना का लेकर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत यदि बलात्कार नहीं रोक सकते तो उन्हें चूड़ी पहन लेना चाहिए।
|
मरांडी ने कहा कि राज्य में बलात्कार की घटना कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता डॉ. मरांडी ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय मे अयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संथालपरगना के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला के साथ 17 युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने राज्य को एक बार फिर शर्मशार किया है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को हाट से लौट रहे दंपति को युवकों ने बंधक बना लिया और घर से कुछ दूरी पर ही सुनसान इलाके में अपराधियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
डॉ. मरांडी ने कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनने के बाद से संथाल परगना में आये दिन आदिवासी बच्ची, महिला, साध्वी से जिस तरह की बर्बरतापूर्ण अमानवीय घटना हो रही है उससे संथाल परगना की महिलाओं में डर का माहौल है।
कोई भी माता-पिता अपनी बच्चियों को घर से बाहर बाजार-हाट भेजने में कतरा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यदि बलात्कार नहीं रोक सकते तो उन्हें चूड़ी पहन लेना चाहिए।
गौरतलब है कि झारखंड के दुमका जिले में पति की मौजूदगी में 17 लोगों ने कथित रूप से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसके बाद बुधवार को इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक इलाके में यह अपराध हुआ, जब पांच बच्चों की मां अपने पति के साथ मेले से घर लौट रही थी। आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाश दोनों पर हावी हो गए और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
| Tweet |