झारखंड में क्वारंटाइन लोगों की निराशा दूर करेगी भाजपा

Last Updated 16 May 2020 07:41:23 PM IST

दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों का अपने राज्य झारखंड में आने का सिलसिला जारी है। आने वाले प्रवासी मजदूरों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा जा रहा है।


(फाइल फोटो)

काम छूटने का दर्द और भविष्य की चिंता को लेकर कई लोग निराशा में हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब इन लोगों की निराशा दूर करने की योजना बनाई है। कई क्वारंटीन सेंटरों से लोगों के भागने की भी सूचना मिल रही है। क्वारंटीन किए गए लोगों में बोरियत, तनाव और निराशा नहीं आए, इसके लिए प्रदेश भाजपा ने प्रयास शुरू कर दिया है। भाजपा द्वारा प्रशासन की मदद से क्वारंटीन सेंटरों में योग, प्रणायाम, कौशल विकास जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शनिवार को बताया कि इसके लिए दो समितियां बनाई गई हैं। पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर दो समितियां बनाई हैं- राजमार्ग रिलीफ समिति और क्वारंटीन सेंटर रिलीफ समिति।

क्वारंटीन सेंटर समिति की प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी सांसद अन्नपूर्णा देवी को दी गई है। इस समिति में सदस्य के रूप में डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक मनीष जायसवाल, विरंचि नारायण, पूर्व विधायक राज पालिवार और प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव शामिल हैं।

राजमार्ग रिलीफ टीम के प्रदेश संयोजक सांसद पशुपति नाथ सिंह बनाए गए हैं। उनकी टीम में पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, गणेश मिश्र, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी, चंद्रभूषण झा और सुनील साहू सदस्य हैं। दोनों समितियों को पार्टी ने अलग-अलग जिम्मेदारी दी है।

दोनों समितियों का विस्तार मंडल और प्रखंड स्तर तक किया जा रहा है। राजमार्ग समिति के कार्यकर्ता घर लौट रहे लोगों को भोजन पैकेट, चूड़ा-गुड़, सत्तू, पीने का पानी आदि उपलब्ध कराएंगे जबकि दूसरी समिति क्वारंटीन सेंटरों का ध्यान रखेगी। पार्टी कार्यकर्ता बाहर से लौटे मजदूरों को ना केवल कोरोना को लेकर जागरूक करेंगे, बल्कि ऐसे लोगों को क्वारंटी सेंटरों में पहुंचाकर यहां रहने के लाभ से भी उन्हें अवगत कराएंगे।

क्वारंटीन सेंटर में लोग निराश नहीं हों, इसका प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की अनुमति के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सेंटर पर योग, प्राणायाम, खेल, कौशल विकास व भजन की व्यवस्था कर सेंटर के माहौल को खुशनुमा बनाया जाएगा।
 

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment