झारखंड : दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 62.40 प्रतिशत मतदान

Last Updated 07 Dec 2019 01:49:15 PM IST

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शनिवार को शाम पांच बजे मतदान संपन्न होने तक 62.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


राज्य कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि इन बीस सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।

हिंसा की एक घटना को छोड़कर दूसरे चरण में सभी बीस सीटों के लिए लगभग शांतिपूर्ण ढंग से 62.40 प्रतिशत मतदान हुआ।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दूरदराज के कुछ अन्य इलाकों से मतदान के आंकड़े प्राप्त होने के बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। 

इस चरण में जमशेदपुर पूर्वी सीट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उनकी ही सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सरयू राय चुनाव लड़ रहे हैं।    

 झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच चरणों में 20 दिसम्बर तक मतदान होना है। पहले चरण में 13 सीटों पर 30 नवम्बर को मतदान हुआ था।    

 मतगणना 23 दिसम्बर को होगी।

गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र में कुदरा पंचायत के बघनी गांव में मतदान केंद्र संख्या 36 पर आज सुरक्षा बल के जवानों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत तथा कई जवानों के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा राज्य में कही से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के मतदान वाली 20 विधानसभा सीटों की चुनावी दौड़ में 260 उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा 20-20 प्रत्याशी जमशेदपुर पूर्व एवं जमशेदपुर पश्चिम सीट से जबकि सबसे कम सात सरायकेला सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
 

वार्ता
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment