मजदूर की तरह की है सवा तीन करोड़ झारखंडवासियों की सेवा : रघुवर

Last Updated 07 Dec 2019 01:30:59 PM IST

झारखंड के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने आज मतदान करने के बाद कहा कि उन्होंने पिछले पांच साल में बिना किसी छुट्टी के एक मजदूर की तरह राज्यवासियों की सेवा की है।


झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास(फाइल फोटो)

दास ने यहां भालूबासा मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 21 पर पत्नी, पुत्र और पुत्रवधु के साथ मतदान करने के बाद पाकारों से बातचीत में जमशेदपुरवासियों को खूब प्यार और सम्मान देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह वह शहर है जिसने एक मजदूर को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पिछले पांच साल में एक दिन की भी छुट्टी लिए बिना एक मजदूर की तरह राज्यवासियों की सेवा की है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि यदि झारखंड में उनकी दुबारा सरकार बनी तो पिछले पांच साल में उन्होंने जो अच्छे काम किए हैं उसे आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में समृद्ध राज्य झारखंड से गरीबी को समाप्त किया है।

दास ने कहा कि यदि एक बार फिर उनकी सरकार बनी तो अगले पांच सालों में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए और काम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने झारखंड की तीन करोड़ 25 लाख जनता को गुड गवन्रेंस देने के साथ ही तेज गति से विकास कार्य किए हैं।

भाजपा नेता ने इस बार के विधानसभा चुनाव में उसकी पूर्व सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के सहयोग के बिना भाजपा के 65 से अधिक सीटें जीतने से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि इस बार भी राज्य के लोगों ने मजबूर नहीं बल्कि मजबूत सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में राज्य को भ्रष्टाचारमुक्त शासन उपलब्ध कराया है। इतना ही नहीं विपक्ष भी उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है।

इससे पूर्व दास ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर अपने ट्वीट में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में लोगों से मतदान करने की अपील करते हुए कहा,‘‘दूसरे चरण के मतदान में भाग ले रहे सभी 20 विधानसभा सीटों के मतदाताओं को जोहार। आपके एक वोट ने झारखंड को वर्ष 2014 में स्थिर सरकार दी। आज फिर आपको अपनी जिम्मेदारी निभानी है, झारखंड के विकास के लिए वोट करना है।’’

दास ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘आपका एक-एक वोट झारखंड का भविष्य तय करेगा, झारखंड के विकास की रफ्तार को बढ़ाएगा। वोट करने जरूर जाएं।’’

उल्लेखनीय है कि झारखंड में विधानसभा की 81 में से द्वितीय चरण की बीस सीटों बहरागोड़ा, घाटशिला (सु), पोटका (सु), जुगसलाई (सु), जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, सरायकेला (सु), चाईबासा (सु), मझगांव (सु), जगन्नाथपुर (सु), मनोहरपुर (सु), चक्रधरपुर (सु), खरसावां (सु), तमाड़ (सु), तोरपा (सु), खूंटी (सु), मांडर (सु), सिसई (सु), सिमडेगा (सु) और कोलिबेरा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान जारी है।
 

 

वार्ता
जमशेदपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment