झारखंड चुनाव: गुमला में हुई झड़प में एक की मौत, कई जवान घायल

Last Updated 07 Dec 2019 12:22:37 PM IST

झारखंड में गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र में कुदरा पंचायत के बघनी गांव में मतदान केंद्र संख्या 36 पर आज सुरक्षा बल के जवानों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत तथा कई जवानों के घायल होने की सूचना है।


मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि कुछ असामाजिक तत्व बूथ के आसपास जमा हो गए और कतारबद्ध मतदाताओं के बीच में खड़े होने लगे। इस पर पुलिस के जवानों ने उन्हें कतारबद्ध होकर मतदान करने को कहा तो वह उलझ गए। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों के पथराव में कई जवान घायल हो गए हैं।

विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड पुलिस के नोडल पदाधिकारी बनाए गए एम. एल. मीना ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) जवानों के हथियार छीनने की कोशिश करने लगे। उन्हें रोकने के लिए जवानों को फायरिंग करनी पड़ी। इस कार्रवाई में एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 वहीं, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर उन्हें मतदान करने से रोकने का आरोप लगाते हुए बताया कि जब स्थिति अनियंत्रित हो गई तो भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हवा में फायरिंग की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जब स्थित पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो गई तो पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक जिलानी अंसारी (28) बघनी गांव का ही रहने वाला था। हालांकि युवक की मौत की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने इस पूरे घटनाक्रम पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। ग्रामीणों के पथराव में सिसई थाने के अध्यक्ष विष्णुदेव चौधरी समेत कई जवान घायल हो गए हैं।

उल्लेखनीय है कि झारखंड में विधानसभा की 81 में से द्वितीय चरण की बीस सीटों बहरागोड़ा, घाटशिला (सु), पोटका (सु), जुगसलाई (सु), जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, सरायकेला (सु), चाईबासा (सु), मझगांव (सु), जगन्नाथपुर (सु), मनोहरपुर (सु), चक्रधरपुर (सु), खरसावां (सु), तमाड़ (सु), तोरपा (सु), खूंटी (सु), मांडर (सु), सिसई (सु), सिमडेगा (सु) और कोलिबेरा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान जारी है।

 

वार्ता
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment