झारखंड में लोजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी :प्रधान
झारखंड प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर राज्य में कम से कम छह विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
![]() |
प्रदेश लोजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान ने आज यहां बताया कि पार्टी ने जरमुंडी, नाला, पोरैयाहाट, लातेहार, बड़कागांव और हुसैनाबाद सीट पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है ।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन सीटों पर अपनी दावेदारी की है जहां से भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी ने वर्ष 2000 में झारखंड के गठन के बाद कभी चुनाव नहीं जीता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता चिराग पासवान ने हाल में जरमंडी में हुयी सभा में प्रधान को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की थी ।
प्रधान ने बताया कि पार्टी ने सभी सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी पूरी कर ली है और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा पार्टी हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद की जायेगी। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा, आल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) और लोजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था।
विधानसभा की 81 सटों के लिए हुये चुनाव में भाजपा गठबंधन को 42 सीटें जीती थी और रधुवर दास मुख्यमंत्री बने थे। दास पहले गैरआदिवासी मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है।
लोजपा अध्यक्ष ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान लोजपा ने चतरा, कोडरमा और धनबाद सीट भाजपा से देने की मांग की थी लेकिन उसे कोई सीट नहीं दी गयी थी और विधानसभा चुनाव के दौरान इसकी भरपाई करने का आासन दिया गया था। पार्टी इसी के आलोक में छह सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) ने आठ सीटें जीती थी लेकिन उसके छह विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे। इस चुनाव में कांग्रेस कों छह और झारखंड मुक्ति मोर्चा को18 सीटें मिली थी।
झारखंड विकास पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) को एक एक सीट मिली थी। अन्य सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुये थे ।
प्रधान ने कहा कि वर्ष 2014 से पार्टी दलित, शोषित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के बीच अच्छा कामकाज किया है और उसका लाभ उसे चुनाव में मिलेगा। लोजपा ने भाजपा के साथ मिलकर राज्य में आपसी समन्वय से बेहतर कार्य किया है और उसे उम्मीद है कि इस चुनाव में उसका बेहतर परिणाम देखने को मिलेगा।
| Tweet![]() |