झारखंड की राजधानी रांची में तापमान 42 डिग्री और जमशेदपुर में 44 डिग्री पहुंचा

Last Updated 28 Apr 2016 09:59:25 AM IST

झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को दिन का तापमान चढ़कर 42 डिग्री पहुंच गया जबकि औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में राज्य का सर्वाधिक 44.1 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया.


फाइल फोटो

जिससे आम लोग बेहाल रहे और बच्चों के जीवन की रक्षा के लिए सरकार ने फौरी तौर पर स्कूलों में गुरूवार से कक्षा आठ तक की कक्षाएं स्थगित कर दी हैं.
    
रांची का अधिकतम तापमान लगातार बढ़ते हुए आज 42 डिग्री सेल्सियस हो गया जिससे एक समय में अविभाजित बिहार की ग्रीष्मकालीन राजधानी रही रांची में लोग बेहाल रहे जबकि राज्य के धनबाद, जमशेदपुर समेत अन्य अनेक इलाकों में भी भारी गर्मी जारी रही.
    
औद्योगिक शहर जमशेदपुर में बुधवार को दिन का तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि धनबाद में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
    
बोकारो में बुधवार का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा. गढ़वा और दुमका में बुधवार का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा. पलामू में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और जामताड़ा में 42 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग की विज्ञप्ति में बताया गया है कि अभी 24 घंटे तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का यही हाल रहेगा जबकि उसके बाद कुछ इलाकों में हल्के बादल रहने की संभावना है जिससे राज्य के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
    
फौरी राहत के तौर पर राज्य के शिक्षा विभाग ने कल पूरे राज्य में आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई 28 अप्रैल से स्थगित करने के आदेश दिये जिसके चलते प्रदेश में गुरुवार से आठवीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी. इतना ही नहीं सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को आठ मई से ग्रीष्मावकाश करने के निर्देश दिये गये हैं.



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment