भाजपा को शिकस्त देने के लिए झारखंड में महागठबंधन

Last Updated 23 Sep 2014 05:21:11 PM IST

भाजपा को शिकस्त देने के लिए झारखंड में भी कांग्रेस राजद, जदयू और झामुमो के साथ भाजपा के खिलाफ महागठबंधन बनायेगी.


महागठबंधन

कांग्रेस ने फैसला किया कि वह झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव बिहार की तर्ज पर सत्ताधारी गठबंधन के अपने सहयोगियों झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के अलावा जदयू के साथ भी महागठबंधन चुनाव बनाकर लड़ेगी जिससे भाजपा के यहां सत्ता में वापसी के सपने को चकनाचूर किया जा सके.
    
झारखंड के कांग्रेस प्रभारी बी के हरिप्रसाद ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गहन बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों से भी इस बात पर सहमति बनी है कि हर हाल में राज्य में भाजपा को सत्ता में आने से रोकना है.
    
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बात पर अपनी मुहर लगा दी कि वह झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव अपने सहयोगी दलों के साथ महागठबंधन बनाकर ही लड़ेगी. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर झामुमो नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने से भी आज उनकी बातचीत हुई.



हरिप्रसाद ने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद भाजपा और उसके नेताओं को जो गुमान हुआ था उसे जनता ने तोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं ने जनता से झूठे वादे किये थे जिस पर पिछले सौ दिनों में तस्वीर साफ हुई है और जनता ने भाजपा को सबक सिखाने का मन बना लिया है.
      
प्रसाद ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस जदयू को भी अपने महागठबंधन में शामिल करेगी. इसके अलावा अन्य छोटे दलों को भी इस महागठबंधन में जगह दी जायेगी.
      
राज्य में 81 विधानसभा सीटों में से कितनी पर कांग्रेस और कितनी पर झामुमो और अन्य सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे, इस सवाल पर प्रसाद ने कहा कि यह सभी दलों की सहमति से तय कर लिया जायेगा.
     
उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी दल इस महागठबंधन में शामिल होना चाहेगा उसे शामिल किया जायेगा जिससे यहां भाजपा के सत्ता में वापसी करने के सपने को तोड़ा जा सके.
 



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment