छत्तीसगढ़: मुठभेड़ में मारे गये दो नक्सली

Last Updated 24 Sep 2016 12:49:29 PM IST

छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर जिले के घने जंगलों वाले पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गये.


मुठभेड़ में मारे गये दो नक्सली
   
बस्तर के पुलिस अधीक्षक आरएन दास ने बताया कि बरगम थाना के अशांत संगुएल वन क्षेत्र में शनिवार सुबह मुठभेड़ हो गयी. 
    
उन्होंने बताया, ‘‘स्थानीय मुखबिरों ने सूचित किया था कि उग्रवादियों का एक समूह एक शीर्ष माओवादी नेता को लेने इंद्रावती नदी पार करने के बाद बस्तानार घाटी की ओर जा रहा है. राज्य खुफिया शाखा को भी इसी तरह की जानकारी मिली थी.’’
    
इस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिला रिजर्व समूह (डीआरजी), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) और जिला बल की एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नक्सल रोधी अभियान शुरू किया. 
    
सुरक्षाबलों ने संगुएल गांव के पास माओवादियों को रोका, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हो गयी. 
    
उन्होंने बताया कि दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक गोलीबारी हुई, जिसके बाद नक्सली घने वन क्षेत्र में भाग गये. 
    
दास ने बताया कि इसके बाद क्षेत्र में की गयी तलाशी में दो पुरूष माओवादियों के शव, एक राइफल, एक एसबीएमएल बंदूक और कुछ अन्य चीजें बरामद हुईं.
 
 



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment