रमन सरकार का राजनीतिक हत्या पर दोहरा मापदंड : कांग्रेस

Last Updated 24 Jun 2016 10:02:03 PM IST

छत्तीसगढ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पर बस्तर में राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हो रही हत्याओं पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है.


छत्तीसगढ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल (फाइल फोटो)

बघेल ने शुक्रवार को रायपुर में प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि मुख्यमंत्री बस्तर में केवल भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याओं को ही गिन रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में  नक्सलियों द्वारा मारे गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम लोगों की उन्हें चिन्ता नहीं है.

अगर 70 भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत का जिक्र डा. सिंह कर रहे हैं तो उन्हे स्वं महेन्द्र कर्मा के परिवार के 50 लोगों की हत्या का भी जिक्र करना चाहिए. उन बेगुनाह लोगों की हत्या का जिक्र करना चाहिए जिन्हे नक्सली आए दिन मार रहे हैं.

वन मंत्री महेश गागडा के बीजापुर जिले में भाजपा नेता राम साय मज्जी की हत्या व उसके बाद भाजपा पदाधिकारियों के पार्टी छोड़ने में कांग्रेस का हाथ होने के आरोप के बारे मे पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सलवा जुडूम में शामिल हमारे कार्यकर्ताओं को नक्सलियों ने चुन-चुन कर मारा, क्या इसमें हमारे लोगों का हाथ था. सबसे ज्यादा कार्यकर्ता हमारे मारे गए, नेता मारे गए लेकिन किसी ने भय से पार्टी नहीं छोड़ी, पर भाजपा के लोग क्यों छोड़ रहे है, इस पर वह विचार करें.

उन्होंने कहा कि बस्तर में इतने सुरक्षा बल तैनात है, जिनसे छोटे देशों से लड़ाई लड़ी जा सकती है,फिर भी लोग क्यों अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे है, इसका जवाब सरकार एवं पुलिस को देना चाहिए.



उन्होंने कहा कि सरकार व सुरक्षा बल दोनो ही नही चाहते कि बस्तर से नक्सलवाद खत्म हो और वहां शान्ति लौटे. बघेल ने बीजापुर में भाजपा नेता मज्जी की हत्या के मामले में प्रदेश कांग्रेस के सदस्य मिच्चा मुतैत्या की गिरप्तारी की कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि नक्सलियों ने स्वयं बयान जारी कर मज्जी की हत्या के कारणों को बताया है, उसके बाद भी पुलिस निपराध मुतैत्या को फंसाया जा रहा है.

बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक कल्लूरी स्वयं सम्बधित थाने में कैम्प कर कांग्रेसियों को फंसवा रहे है. वह ग्रामीणों से पूछ रहे है कि नक्सली कांग्रेसियों की हत्याएं क्यों नही कर रहे है. उन्होंने कल्लूरी पर गुजरात माडल पर बंजारा की तरह काम करने का भी आरोप लगाया.

 विधायक एवं पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पर दोषारोपण करने की बजाय भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए कि नक्सलियों के समर्थन से उनकी सरकार बन रही है.
 

 



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment