विशेष बस से लोगों को भेजना गलत, लॉकडाउन हो जाएगा असफल : नीतीश

Last Updated 29 Mar 2020 06:55:20 AM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लॉकडाउन में दूसरे राज्यों से अपने मूल प्रदेश लौट रहे मजदूरों और अन्य गरीब लोगों को बसों से भेजे जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे एक गलत कदम बताया।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (file photo)

उन्होंने कहा कि यह कदम लॉकडाउन को पूरी तरह असफल कर देगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा कि विशेष बसों से लोगों को भेजना एक गलत कदम है। उन्होंने कहा कि इससे कोरोना वायरस महामारी और फैलेगी, जिसकी रोकथाम और उससे निबटना सबके लिए मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा, "जो जहां हैं उनके लिए रहने-खाने की व्यवस्था वहीं की जा रही है। बसों से लोगों को उनके राज्य भेजने का फैसला लॉकडाउन को पूरी तरह असफल कर देगा।"

नीतीश ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ही कैम्प लगाकर लोगों के रहने और खाने का इंतजाम किया जाना चाहिए।



कहा जा रहा है कि दिल्ली से हजारों की संख्या में लोग अपने घर जाने के लिए पैदल निकल पड़े हैं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 200 बसों का इंतजाम किया है। ये बसें नोएडा-गाजियाबाद से हर दो घंटे में रवाना होंगी। इन बसों में ज्यादातर लोग पूर्वाचल और बिहार के हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment