अनंत सिंह को कोर्ट ने भेजा बेऊर जेल

Last Updated 26 Aug 2019 06:21:48 AM IST

प्रतिबंधित हथियार एके 47 और ग्रेनेड बरामदगी मामले में दिल्ली के साकेत कोर्ट में समर्पण करने वाले बिहार के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच बाढ़ के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीके तिवारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया।


बेउर जेल में प्रवेश करते विधायक अनंत सिंह।

इससे पूर्व विधायक सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से सीधे बाढ़ ले जाया गया। रविवार होने के चलते कोर्ट के बंद रहने के कारण विधायक को बाढ़ के प्रभारी अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीके तिवारी की अदालत के समक्ष पेश किया गया।
अदालत ने उन्हें 30 अगस्त तक की न्यायिक हिरासत में पटना के केन्द्रीय कारा बेऊर भेजने का आदेश दिया। इसके बाद विधायक श्री सिंह को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) केके मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के नेतृत्व में चाक-चौबंद सुरक्षा घेरे में पुलिस लेकर पटना के लिए रवाना हो गयी। दिल्ली के साकेत कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुके बिहार में मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रविवार की सुबह पटना पहुंची, जहां से पेशी के लिए उन्हें बाढ़ ले जाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के नेतृत्व में दिल्ली गयी टीम विधायक सिंह को लेकर विमान से पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंची।

इसके बाद उन्हें अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्टेट हैंगर दो के गेट से बाहर निकाला गया और स्कार्पियो से लेकर पटना पुलिस की विशेष टीम बाढ़ के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो गयी। इस दौरान आम लोगों का प्रवेश हवाईअड्डा परिसर में रोक दिया गया, केवल विमान यात्रियों को ही विशेष तलाशी के बाद जाने दिया जा रहा था। विधायक अनंत सिंह को बाढ़ ले जाने के क्रम में पटना से करीब 40 किलोमीटर की यात्रा के दौरान राष्ट्रीय उच्च पथ-30 के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गयी थी। इस दौरान संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।
पुलिस ने इस वर्ष 16 अगस्त को बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव स्थित विधायक सिंह के पैतृक आवास पर छापेमारी की थी जहां से एक एके-47 रायफल और दो ग्रेनेड बरामद की गयी थी। इस मामले में विधायक सिंह फरार चल रहे थे। पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
 हथियार बरामदगी मामले में फरार चल रहे विधायक ने नयी दिल्ली के साकेत कोर्ट में 23 अगस्त को आत्मसर्पण कर दिया, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल में रखा गया था।

 

वार्ता
बाढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment