खरीदार न होंगे तो बेटियां नहीं बिकेंगी

Last Updated 30 Aug 2014 05:12:15 AM IST

कौन बनेगा करोड़पति सीजन-8 में 25 लाख रुपये जीतने वाली फारबिसगंज की रेड लाइट एरिया की फातिमा खातून शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से मुखातिब हुई.


पटना में पत्रकारों से मुखातिब फातिमा.

पत्रकारों से बातचीत में फातिमा ने साफ तौर पर कहा कि खरीदार नहीं होंगे तो लड़कियां नहीं बिकेंगी. इसलिए देह व्यापार के धंधे में लड़कियों को धकेलने वाले दलालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले. इसके लिए सख्त कानून बने और कानून का सख्ती से पालन कराया जाए.

एक सवाल के जवाब में फातिमा ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिला तो वे उनसे अपनी बहनों के लिए आजादी मांगेंगी जो देह व्यापार के धंधे में जबरन धकेल दी गई हैं. वीमेन र्वल्ड वाइड के साथ 2005 से सर्वाइवर लीडर के रूप में काम कर रही फातिमा ने बताया कि उसने लड़कियों के लिए स्कूल और इलाके के लोगों के लिए सरकारी पहचान पत्र बनाने के लिए महिला मंडल के साथ अभियान चलाया.

अब तक 35 लड़कियों को देह व्यापार के धंधे से मुक्त करा चुकी फातिमा ने अपने जीवन के कड़वे सच को साझा करते हुए बताया कि महज नौ वर्ष की कच्ची उम्र में ही उसकी शादी 40 साल के अधेड़ से कर दी गई. वह अपने पति की चौथी बीवी थी. उसका पति अपनी मां के साथ चकला चलाता था. कई बार उसने भाग निकलने की कोशिश की. हर बार उसकी पिटाई की गई.

स्थितियों को अपने अनुकूल बनाते हुए बाद में उसने ‘अपने आप’ संस्था से खुद को जोड़ा. ‘अपने आप’ तस्करी विरोधी संगठन है. फातिमा खातून अब तक 35 लड़कियों को देह व्यापार के दलदल से आजाद कराने में कामयाब हुई है. उसने साफ तौर पर कहा कि हर घर में मर्दानी है. जरूरत है उन्हें सपोर्ट की. महिला सशक्तीकरण के बिना विकास को बेमानी बताते हुए फातिमा ने राज्य सरकार से मांग की कि वह रेड लाइट एरिया की लड़कियों के पुनर्वास और रोजगार की व्यवस्था करे.



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment