
|
कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को कहा है कि उसने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटरों क नाम जारी किए गए अनापत्ति प्रमाण-पत्रों को रद्द कर दिया है।
पीसीबी के मेडिकल प्रमुख नदीम सरवर ने कहा कि भविष्य में संबंद्ध सरकारी विभागों से विचार-विमर्श के बाद पीसीबी ही इस बात का निर्णय लेगा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने दिया जाए या नहीं।
सरवर ने कहा, "पीसीबी ने शुक्रवार को आईपीएल के तीसरे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटरों के नाम जारी किए गए अनापत्ति प्रमाण-पत्रों को रद्द कर दिया है। पीसीबी अब इस बात का फैसला करेगी कि किन खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण-पत्र दिया जाए। इस काम में संबंद्ध सरकारी विभागों की सलाह ली जाएगी।"
पीसीबी का यह फैसला उस वक्त आया है, जब यह अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल के तीसरे संस्करण में खेलने का मौका मिल सकता है।
आईपीएल की नीलामी में एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी के लिए बोली नहीं लगने के बाद यहां की संसद ने फ्रेंचाइजी टीमों के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए भारत के साथ सभी तरह के खेल संबंध खत्म करने का मांग की थी।