ढाका। बांग्लादेश के जिया अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे का नाम बदलकर 13वीं सदी के सूफी संत हजरत शाह जलाल के नाम पर रखा जाएगा।
इससे पहले हवाईअड्डे का नाम बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के नाम पर रखा गया था। नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन मंत्रालय ने पिछले वर्ष अक्टूबर में कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसका मसौदा तैयार किया था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेडआइए) के नए नामकरण के मुद्दे को लेकर विपक्षी दल सरकार के इस फैसले का विरोध करेंगे।
ऐसा माना जाता है कि शाह जलाल 1271 में तुर्की में पैदा हुए थे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनको मुस्लिम समुदाय के बीच काफी सम्मान के साथ देखा जाता है।
गौरतलब है कि जियाउर रहमान वर्ष 1981 में सैन्य क्रान्ति के दौरान मारे गए थे। उनकी पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया इस समय संसद में विपक्ष की नेता हैं।