सिंगापुर। सिंगापुर और थाईलैण्ड के प्रवासी भारतीयों ने भारत के 61 वें गणतंत्र दिवस को आज हर्षोल्लास से मनाया।
सिंगापुर में भारतीय उच्चायोग में आयोजित एक समारोह में हजारों भारतीय एकत्र हुए जिनमें मशहूर टेनिस खिलाडी विजय अमृतराज भी शामिल थे। भारतीय उच्चायुक्त टी.सी.ए.राघवन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस मौके पर सिंगापुर के भारतीय स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण गीत गाये और ‘जय हो’ की धुन पर नृत्य प्रस्तुत किया। उच्चायुक्त ने शाम को रात्रिभोज का भी आयोजन किया है जिसमें प्रवासी भारतीयों के अलावा उद्योगपति, व्यापारी और सिंगापुर के सरकारी अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर लगभग 500 भारतीय मौजूद थे जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल थे।