कराची। आस्ट्रेलिया के निराशाजनक दौरे के कारण पूर्व खिलाड़ी जहां पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद यूसुफ को हटाने की मांग कर रहे हैं वहीं उन्हें इंजमाम उल हक का समर्थन मिला है जिनका मानना है कि दायें हाथ के इस बल्लेबाज को अगले साल विश्व कप तक राष्ट्रीय टीम का कप्तान बनाये रखना चाहिए।
पूर्व कप्तान इंजमाम ने कहा कि यूसुफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से पूरा आदर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, उसने (यूसुफ) तब टीम की अगुवाई करने की चुनौती स्वीकार की जबकि कोई भी यह जिम्मेदारी संभालने के लिये तैयार नहीं था। उसने अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किये।
उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि उसे विश्व कप 2011 तक कप्तान बनाये रखना चाहिए। पीसीबी को इसके बाद ही उसके बारे में कोई फैसला करना चाहिए।
इंजमाम कप्तानी में लगातार बदलाव की नीति के भी खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, कप्तानी में लगातार बदलाव बुद्धिमतापूर्ण नहीं होगा क्योंकि इससे टीम का प्रदर्शन और खराब होगा और खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।