इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को इसकी पुष्टि की कि अमेरिकी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों की संयुक्त छापेमारी में कराची में तालिबान के एक शीर्ष कमांडर मुल्ला अब्दुल घानी बरादर को गिरफ्तार कर लिया गया।
सेना के प्रमुख प्रवक्ता मेजर जनरल अथर अब्बास ने कहा, "विस्तृत पहचान प्रक्रिया के निष्कर्षो के मुताबिक यह पुष्टि की जाती है कि गिरफ्तार किया गया एक व्यक्ति मुल्ला बरादर हो सकता है।"
अब्बास ने कहा कि गिरफ्तारी की जगह और अन्य विस्तृत जानकारी का खुलासा सुरक्षा कारणों से नहीं की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि अफगान तालिबान के नंबर दो के सरगना ने उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई है, जिसे अमेरिका के साथ बांटा जा रहा है।
तालिबान सरगना की गिरफ्तारी की यह पुष्टि एक अमेरिकी अखबार के इस बारे में खुलासा करने के बाद की गई है। अखबार ने सोमवार को एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें तालिबान सरगना के कई दिनों पहले गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई थी।