वाराणसी। शहर के भटपुरवा में आज टैंकर की चपेट में आने से कक्षा तीन के एक मासूम छात्र की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने भोजूबीर-सिंधौरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सरोज पटेल (9वर्ष) पलहीपट्टी स्थित प्राथमिक पाठशाला में कक्षा तीन का छात्र था। वह कोई खिलौना खरीद कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था कि उसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उसे रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। दो घंटे बाद पुलिस ने शव को जबरदस्ती उठाने का प्रयास किया जिसको लेकर ग्रामीणों और पुलिस में झड़प हो गयी। मामला गंभीर होने पर क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलसि ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले
की जांच कर रही है।