
|
चुनावी वायदों को पूरा करने पर केन्द्रित होगा मप्र का बजट
भोपाल। मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री राघवजी ने कहा है कि आगामी 25 फरवरी को मध्यप्रदेश विधानसभा में पेश किया जाने वाला बजट भाजपा के चुनावी वायदों को पूरा करने पर केन्द्रित होगा।
राघवजी ने यहां कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले बिजली, पानी और सड़क को लेकर जो वादे किये थे, उन्हें पूरा करने के दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं और आने वाले बजट में इन मुद्दों के लिये पर्याप्त प्रावधान किये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावी वायदों के तहत सभी गांवों को सड़कों से जोड़ने का आश्वासन दिया था और वर्ष 2013 तक सभी गांवों को बारहमासी सड़कों से जोडे़ जाने की योजना है।
बिजली के मामले में वर्ष 2013 तक आत्मनिर्भर हो जाने का दावा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद बिजली उत्पादन बढ़ाने का प्रयास किया है और विभिन्न कंपनियों के साथ किये गये करारों के तहत जो बिजली का उत्पादन बढे़गा उससे प्रदेश बिजली के मामलों में
आत्मनिर्भर हो जायेगा।
एक प्रश्न के उत्तर में वित्त मंत्री ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा पिछले दिनों मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ लगाये गये आरोपों को निराधार और गलत बताते हुए कहा कि राहुल का यह कहना गलत है कि राजग सरकार के कार्यकाल के दौरान मध्यप्रदेश सरकार को एक हजार करोड़ ही दिये गये जबकि वर्तमान में संप्रग सरकार द्वारा छह हजार करोड़ रूपये की राशि दी जा रही है।
उन्होंने इन दोनों ही आंकड़ों को गलत बताते हुए कहा कि राहुल गांधी को इस बात की जानकरी ही नहीं है कि राज्यों को कितनी राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वैसे भी केन्द्र सरकार किसी राज्य को जो सहायता देती है तो वह उस राज्य पर कोई एहसान नहीं करती है बल्कि वह तो राज्यों को उनका हिस्सा ही देती है।
राघवजी ने राहुल गांधी के इन आरोपों का भी खंडन किया कि मध्यप्रदेश सरकार केन्द्र द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत दी जा रही राशि को व्यय नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि जो राशि मार्च माह में मिलती है। उसे तुरंत खर्च करना संभव नहीं हो पाता है। उनका कहना है कि मध्यप्रदेश द्वारा केन्द्रीय राशि का 96 प्रतिशत से अधिक उपयोग किया जाता है।