नयी दिल्ली। अति विशिष्ट व्यक्तियों पर नए खतरे के मद्देनजर गृहमंत्री पी चिदंबरम ने आज विपक्ष के नेता लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात की और देश के सुरक्षा परिदृश्य पर चर्चा की।
सूत्रों ने बताया कि चिदंबरम आज सुबह भाजपा नेता के घर पहुंचे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों से पहले सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। गुप्तचर ब्यूरो के आकलन के अनुसार भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लाल कृष्ण आडवाणी उन नेताओं की सूची में शामिल हैं जिनकी जान को खतरा है। इस सूची में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि बीस मिनट की मुलाकात के दौरान चिदंबरम ने आडवाणी को सलाह दी कि वह चुनाव प्रचार के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में गैर निर्धारित दौरों से बचें।