
|
इस्लामाबाद। खराब फार्म और विवादों के कारण पाकिस्तानी टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा है कि वह खुद को साबित करने के लिए ट्वेंटी-20 विश्व कप को लक्ष्य बनाकर चल रहे हैं।
वेबसाइट 'पाक पैशन डॉट नेट' के मुताबिक अख्तर इन दिनों जमकर घरेलू मैचों में हिस्सा ले रहे हैं क्योंकि 50 ओवरों के मैच में खेलते हुए वह खुद को इतना फिट बनाए रखना चाहते हैं कि उन्हें ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए नजरअंदाज नहीं किया जा सके।
ट्वेंटी-20 विश्व कप का आयोजन इस वर्ष वेस्टइंडीज में होना है। अख्तर ने कहा कि मैं अभी भी राष्ट्रीय टीम के लिए खेल सकता हूं। जो मेरे अंदर है, वह मुझसे कोई छीन नहीं सकता और इसी को ध्यान में रखकर मैं खुद को फिट बनाए रखना चाहता हूं। मेरा लक्ष्य ट्वेंटी-20 विश्व कप में खेलते हुए आलोचकों को झूठा साबित करना है।
अख्तर ने पिछले वर्ष मार्च के बाद पाकिस्तान के लिए एक भी अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। पिछले वर्ष मार्च में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा लिया था लेकिन खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें श्रीलंका के साथ खेली गई टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।