नोएडा में सड़क दुर्घटनाएं, तीन मरे

Last Updated 20 Jan 2010 02:14:32 PM IST


नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के नोएडा में घने कोहरे और धुंध के कारण अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग मारे गए जबकि चार अन्य घायल हो गए। इस बीच मशहूर कंपनियों के नाम से नकली सीडी और डीवीडी बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। नोएडा के पुलिस अधीक्षक अशोक त्रिपाठी ने बताया कि कल रात सेक्टर-39 के पास मोटरसाइकल सवार एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश कुमार के रूप में की गई है। मृतक पेशे से ठेकेदार था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कल रात हुईएक अन्य घटना में सेक्टर 71/72 के पास एक टंपर ने मोटर साइकिल सवार महेश और सत्यपाल को कल टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महेश और सत्यपाल को यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सेक्टर-10 के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सेक्टर-31के पास सड़क दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दूसरी ओर गिझौड गांव में कल रात हुए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों कार से जा रहे थे। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच सेक्टर-25 से मशहूर कंपनियों के नाम से नकली सीडी और डीवीडी बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बबलू सिंह के रूप में की गई है। उसके पास से बड़ी संख्या में डीवीडी और एमपीथ्री तथा गेम की नकली सीडी बरामद की गईं हैं।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment