
|
नयी दिल्ली। दोपहिया कंपनी हीरो होंडा ने कहा है कि वह देश में अपना चौथा संयंत्र लगाने के बारे में इसी साल फैसला कर लेगी। फिलहाल कंपनी इस संयंत्र के लिए स्थान की तलाश कर रही है।
हीरो होंडा मोटर्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पवन मुंजाल ने आज होंडा यस अवार्ड्स समारोह के मौके पर कहा, हमने संयंत्र के लिए व्यवहार्यता अध्ययन शुरू कर दिया है और इसके लिए हम देश में स्थान की तलाश कर रहे हैं। इस बारे में फैसला इसी साल हो जाएगा। हम नई जगह पर नया संयंत्र लगाएंगे।
मुंजाल ने बताया कि कई राज्यों ने कंपनी को संयंत्र के लिए भूमि देने की पेशकश की है। लेकिन अभी इस बारे में कोई निर्णय नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, कई राज्यों ने हमसे संपर्क किया है, लेकिन अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगा। फिलहाल कंपनी के देश में तीन संयंत्र हैं, जिनकी सालाना उत्पादन क्षमता 45 लाख इकाई की है।
उन्होंने कहा कि नए संयंत्र में निवेश और क्षमता के बारे में फैसला व्यवहार्यता अध्ययन के बाद लिया जाएगा। मुंजाल ने पिछले महीने कहा था कि बाजार की मांग को पूरा करने के लिए एक अतिरिक्त संयंत्र की आवश्यकता है। कंपनी चालू वित्त वर्ष में 45 लाख इकाइयों का उत्पादन करेगी, जो उसके पूर्व के अनुमान से पांच लाख इकाई अधिक है।