
|
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे स्थित जर्मन बेकरी रेस्त्रां में विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर शनिवार शाम किए गए एक शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम 9 लोग मारे गए जबकि 45 अन्य घायल हो गए। बम विस्फोट की इस घटना के बाद महाराष्ट्र सहित पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
मृतकों में चार विदेशी नागरिक शामिल हैं। ये चारों महिलाएं हैं। विस्फोटस्थल के समीप आ॓शो आश्रम और यहूदियों का चाबाड़ हाउस भी है। अमेरिका में गिरफ्तार लश्कर आतंकी डेविड हेडली इस इलाके का दौरा कर चुका था। हालांकि अभी किसी ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन शुरूआती जांच में इंडियन मुजाहिदीन की आ॓र शक किया जा रहा है। इसके केरल, कर्नाटक माड्यूल के हाथ होने की आशंका है। एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि शहर के संभ्रात इलाके कोरेगांव पार्क स्थित जर्मन बेकरी रेस्त्रां में बम विस्फोट शाम करीब सवा सात बजे हुआ। एटीएस सूत्रों के अनुसार रेंस्त्रा के पास ही आ॓शो आश्रम भी है जहां बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक आते हैं। इसके कारण रेस्त्रां में आने वालों में अधिकतर आ॓शो आश्रम में आने वाले लोग शामिल होते हैं। सूत्रों के अनुसार विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इससे पास स्थित आ॓शो आश्रम सहित आसपास के इलाके भी दहल गए जिससे अफरातफरी मच गई। सूत्रों ने इस बात की भी पुष्टि की कि इस शक्तिशाली बम विस्फोट में सिल्वर नाइट्रेट का प्रयोग किया गया। घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री रिपीट गृह राज्यमंत्री रमेश भागवे पुलिस तथा सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जानमाल के नुकसान का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।
केन्द्रीय गृहमंत्री पी. चिदम्बरम कल पुणे के दौरे पर आयेंगे। दमकल विभाग के अधिकारी एम.नागरकर ने भी इस बात की पुष्टि की कि बम विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे आसपास के इलाकों में काफी तबाही मची। पुलिस ने विस्फोट में घायलों को इंलाक बुद्धरानी, रूबी हाल, जहांगीर और सरकारी ससून अस्पताल में भर्ती कराया है।
इस बीच नयी दिल्ली से प्राप्त समाचार के अनुसार केन्द्र ने विस्फोट की जांच में मदद के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी, एनआईए और फोरेंसिक विशेषग्यों का एक दल वहां रवाना कर दिया है। हमले के मद्देनजर महत्वपूर्ण शहरों और स्थलों में सतर्कता बढ़ा दी गयी है। यह विस्फोट ऐसे समय में हुआ है जब भारत और पाकिस्तान के बीच 25 फरवरी को सचिव स्तर की बातचीत का फैसला किया गया है। मुम्बई में 26 नवम्बर 2008 को आतंकवादी हमले के बाद देश में पहली बार इतना बड़ा हमला हुआ है।
मुम्बई हमले के बाद से भारत पाकिस्तान के बीच समग्र वार्ता ठप पड़ गई थी। केन्द्रीय गृह सचिव जी के पिल्लै ने राजधानी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि यह बम विस्फोट में एक पैकेट में रखे अत्याधुनिक विस्फोटक सामग्री (आईईडी) से हुआ। उन्होंने कहा कि पुणे स्थित आ॓शो आश्रम आतंकवादी संगठन लश्करे तैयबा के निशाने पर था और इसकी सूचना राज्य सरकार को दे दी गयी थी। इस घटना के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल ने भी कहा कि हमले के बारे में पूर्व में खुफिया जानकारियां मिली थी1 राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक लाख रूपये और घायलों को 50 हजार रूपये मुआवजे की घोषणा की गयी है। श्री पिल्लै ने बताया कि कोरेगांव स्थित जर्मन बेकरी रेस्त्रां के वेटर ने एक पैकेट पड़ा देखा।
उसने जैसे ही पैकेट उठाया, उसमें विस्फोट हो गया। गृह सचिव ने बताया कि अमरीका में हाल ही में गिरफ्तार पाकिस्तान मूल का संदिग्ध आतंकवादी रिचर्ड हेडली घटनास्थल से 200 गज दूरी पर रेकी करने गया था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी और फारेंसिक टीम को पुणे रवाना कर दिया गया है तथा केद्रीय जांच ब्यूरो की फारेंसिक टीम को भी जांच में मदद के लिए जल्द रवाना किया जाएगा। सभी राज्य सरकारों को हाई अलर्ट जारी करने का निर्देश दे दिये गये हैं। गृह सचिव ने कहा कि फारेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद सही तस्वीरे सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि केद्रीय गृह मंत्रालय स्थिति पर नजर रखे हुए है।
एटीएस अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि इस विस्फोट में सिल्वर नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इस विस्फोट में मारे गए लोगों में तीन विदेशी नागरिकों के शामिल होने की बात कही। उन्होंने विस्फोट में मारे गए लोगों के लिए वित्तीय सहायता घोषित की है। श्री चव्हाण इस समय मुम्बई हैं जहां से वह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
उनके कल पुणे जाने की संभावना है।इस बीच पुलिस ने आ॓शो आश्रम के पास से एक आटोरिक्शा से एक बैग बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इस विस्फोट में आतंकवादी हाथ होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। विस्फोट के बाद पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी है। पुणे के सांसद सुरेश कलमाडी ने इस विस्फोट में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। इस समय दिल्ली में मौजूद श्री कलमाडी कल पुणे आएंगे।