
|
12 नई रेलगाड़ियों को हरी झंडी
लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास तेजी से करना है तो इसके लिए सभी दलों को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का साथ देना चाहिए।
कानपुर रेलवे स्टेशन से सटे रेलवे स्टेडियम से नई रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के बाद सोनिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के सवाल पर सभी दल राजनीति छोड़ें और एकजुट होकर संप्रग को समर्थन करें जिससे कि प्रदेश का बहुमुखी विकास हो सके।
अन्य राज्यों के विकास के लिए भी सोनिया ने यही सुझाव दिया। उन्होंने कहा, जब सभी दल राजनीति से परे विकास के लिए केंद्र सरकार को सहयोग करेंगे तो भारत पूर्ण रूप से समृद्धशाली बनकर उभरेगा और तब दुनिया की कोई भी ताकत भारत का सर्वागीण विकास होने से नहीं रोक पाएगी।
समारोह सोनिया के साथ वहां मौजूद रेल मंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश से एक साथ 12 नई रेलगाड़ियों के शुभारंभ को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा, आजादी के बाद अभी तक ऐसा कभी नहीं हुआ था जब देश के किसी कोने में एक साथ 12 रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई गई हो। आज उत्तर प्रदेश के गौरव का दिन है।
इससे पहले सोनिया गांधी और ममता बनर्जी ने संयुक्त रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाली 12 नई रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखायी और सात रेलगाड़ियों का मार्ग विस्तार किया।