रोहतक (हरियाणा)। हरियाणा के रोहतक में स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) ने जापान के रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर ह्युमनिटी एंड नेचर (आरआईएचएन) के साथ एक आपसी समझौते पर हस्ताक्षर किया है। यह समझौता धरोहर स्थलों की संयुक्त खुदाई और उनके संयुक्त अध्ययन के लिए किया गया है।
विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग के अध्यक्ष ने यहां कहा, ‘यह समझौता एमडीयू और आरआईएचएन के विद्वानों के बीच रिश्तों को मजबूती प्रदान करेगा। यह समझौता कर्मचारियों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान कार्यक्रम को बढ़ावा देगा और धरोहर स्थलों की संयुक्त खुदाई और उनके संयुक्त अध्ययन की बुनियाद रखेगा।‘
सिंह ने कहा, ‘दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान और विचारों का एक स्वस्थ आदान-प्रदान होगा, जिससे हमारे विभाग और विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव और मंच हासिल होगा।‘
जापान के क्योटो में स्थित आरआईएचएन के विद्वानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस समझौते पर हस्ताक्षर के लिए यहां एमडीयू का दौरा किया है।