
|
पटना। बिहार में पिछले दो दिनों के भीतर पुलिस ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार करके उनके पास से करीब चार लाख रुपए बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, पटना के विक्रम थाना क्षेत्र से सोमवार देर शाम पुलिस ने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के स्वयंभू क्षेत्रीय कमांडर रवींद्र शाह को धर दबोचा। इसके पास से तीन लाख रुपये और 465 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके पहले सोमवार को ही औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 89,500 रुपए बरामद हुए। गिरफ्तार नक्सलियों में राजेश कुमार और दुयरेधन पासवान स्वयंभू क्षेत्रीय कमांडर बताए जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार को पुलिस ने वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र से नक्सली संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार संजय को बारूदी सुरंग विस्फोट में महारत हासिल है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यू़ एस़ दत्त ने मंगलवार को बताया कि बिहार में इन दिनों सभी नक्सल प्रभावित जिलों में पुलिस तलाशी अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि नक्सली रवींद्र शाह को पुलिस 16 वर्षो से तलाश रही थी और उससे पूछताछ के बाद नक्सलियों के बारे में कई अहम सुराग मिलेंगे।