नयी दिल्ली। पाकिस्तान से गतिविधियां चलाने वाले आतंकवादी संगठनों को 'काली ताकतें' करार देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने रविवार को नयी दिल्ली में कहा कि भारत, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जारी आतंकवादियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि वह लोग अपने भारत-विरोधी मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे।
चिदंबरम ने कहा कि मैं आपका ध्यान गत चार फरवरी को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हुई आतंकवादी गुटों की बैठक की ओर दिलाना चाहता हूं, जिसमें लश्कर-ए तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन ने हिस्सा लिया। यह स्पष्ट है कि ये गुट भारत-विरोधी हैं और जम्मू एवं कश्मीर पर कब्जा चाहते हैं, यह काली ताकतें कभी कामयाब न होंगी।
चिदंबरम ने यह बात यहां आतंरिक सुरक्षा पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में कही।
चिदंबरम ने यह बात मुजफ्फराबाद में गुरुवार को जमात-उद-दावा द्वारा आयोजित रैली का हवाला देते हुए कही। इस रैली में हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना ने हिस्सा लिया था।
चिदंबरम ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में सीमा पार से होने वाली घुसपैठ बढ़ी है।