बसु की हालत यथावत, नाक में नलिका से भोजन दिया

Last Updated 09 Jan 2010 11:36:38 AM IST


कोलकाता। वयोवृद्ध माकपा नेता ज्योति बसु की हालत आज भी गंभीर बनी हुई है। न्यूमोनिया के संक्रमण की वजह से गत शुक्रवार को एक निजी एएमआरआई अस्पताल में भर्ती किए गए 95 वर्षीय बसु को कल रात से ऐहतियात के तौर पर पूर्ण जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया है। उनके इलाज के लिए अस्पताल में गठित मेडिकल बोर्ड के एक सदस्य सुश्रुत बंदोपाध्याय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कल दिन में बसु को आंशिक जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उन्होंने बताया कि बसु को कल रात नाक में नलिका डाल कर भोजन दिया गया। उनकी ब्रोंकोस्कोपी की गई जिसमें दवा के उच्च प्रतिरोधी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हो गई। इस बीच उनका उपचार कर रहे चिकित्सकों ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की है। गौरतलब है 95 वर्षीय बसु कोलकाता के साल्टलेक स्थित एएमआरआई अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें वहां एक जनवरी को भर्ती करवाया गया था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुरुवार को उन्हें देखने आए थे और उन्होंने उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक भेजने का प्रस्ताव दिया था। प्रधानमंत्री के प्रस्ताव को देखते हुए एएमआरआई अस्पताल ने बसु की देखरेख के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया जिसने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग की। वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान एएमआरआई के चिकित्सकों ने बसु की हालत, जांच के नतीजे और अब तक किए गए उपचार आदि से एम्स के विशेषज्ञों को अवगत कराया। बुलेटिन में कहा गया कि दोनों अस्पताल के चिकित्सक इस बात पर सहमत थे कि बसु की हालत में सुधार न होने के पीछे उनकी उम्र है। बुलेटिन में कहा गया कि एम्स के विशेष बोर्ड ने बसु को दिए जा रहे उपचार पर संतोष व्यक्त किया है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा शुक्रवार सुबह बसु का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार सुबह बसु से मुलाकात करने आए पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने कहा, एक चिकित्सक ने बसु को नींद से जगाने का प्रयास किया, इस पर उन्होंने अपना हाथ उठाया लेकिन आंखें नहीं खोली।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment