बरहामपुर(उड़ीसा)। सौंदर्य प्रतियोगिता को रोकने और शाहरूख खान अभिनीत 'माई नेम इज खान' फिल्म के पहले शो को बाधित करने के बाद बजरंग दल ने आज धमकी दी कि वह वैलेंटाइन डे उत्सवों को भी बाधित करेगी।
दक्षिणपंथी संगठन ने धमकी दी कि शहर में जो युवा वैलेंटाइन डे मनाते पाए गए उनकी शादी करा दी जाएगी। युवाओं को ऐसा न करने की सलाह देते हुए कहा कि बजरंग दल ने कहा कि उनकी अपील को नही मानने वालों को पुलिस या उनके परिवार के हवाले कर दिया जाएगा।
संगठन के राज्य प्रमुख रमाकांत रथ ने संवाददाताओं को कहा कि लड़के-लड़कियों के मिलने की संभावित जगहें जैसे पार्क,रेस्त्रां और अन्य जगहों पर भगवा दस्ते जाएंगे।
वैलेंटाइन डे के मौके पर रथ ने कहाकि हम लोग वैलेंटाइन डे उत्सव को बढावा नही देंगे और बजरंग दल के सदस्य इस पर कड़ी निगरानी रखेंगे।
अविवाहित लड़के लड़कियों द्वारा वैलेंटाइन मनाने को भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग इस राष्ट्रविरोधी और विदेशी संस्कृति का विरोध करेंगे।