नयी दिल्ली। दिल्ली के पुलिस आयुक्त वाई.एस. डडवाल ने मंगलवार को पुणे में हुए बम धमाके को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने होने वाले हॉकी विश्व कप और अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाएगी।
दिल्ली पुलिस के 63वें स्थापना दिवस परेड के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए डडवाल ने कहा, "हमें राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर किसी प्रकार की सुरक्षा संबंधी चिंता नहीं है। हम विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जबरदस्त सुरक्षा की व्यवस्था करेंगे।"
हॉकी विश्व कप का आयोजन 28 फरवरी से 13 मार्च तक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में होना है जबकि उसके ठीक बाद राजधानी में इंडियन प्रीमियर लीग के मैच भी खेले जाने हैं।
अक्टूबर में राजधानी को राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करनी है। राष्ट्रमंडल खेलों में दुनिया भर के 70 से अधिक देशों के चार हजार से अधिक खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
शनिवार को पुणे के भीड़वाले इलाके में स्थित एक बेकरी में हुए जबरदस्त बम धमाके में 10 लोग मारे गए थे जबकि कई दर्जन लोग जख्मी भी हुए थे। उस घटना के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। टिप्पणियां (0 भेज दिया):
|
||||||||||||||||||||||||||||||