जोहांसबर्ग। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने कहा है कि पिछले वर्ष एशेज श्रृंखला में आस्ट्रेलिया को हराकर उनके साथियों ने बड़ी उम्मीद जगाई थी लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी टीम के प्रदर्शन से साफ हो गया है कि टेस्ट मैचों में लगातार जीत हासिल करने के लिए उनकी टीम को प्रदर्शन सुधारने की जरूरत है।
सूत्रों ने स्ट्रॉस के हवाले से लिखा है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद उनकी टीम को अपने प्रदर्शन पर गौर करना होगा क्योंकि टेस्ट मैचों में लगातार जीत हासिल करने के लिए उसमें काफी सुधार की जरूरत है।
स्ट्रॉस ने कहा, "हम टेस्ट मैचों में अपने प्रदर्शन की निरंतरता नहीं बनाए रख पा रहे हैं। हमने एशेज श्रृंखला में जबरदस्त जुझारूपन दिखाया था लेकिन हाल में हमारी कमजोरियां एक बार फिर सामने आ गई हैं। हमारी रणनीति ठीक है लेकिन हम गेंदबाजों के अनुरूप परिस्थितियां कायम नहीं कर पा रहे हैं। हमारा भविष्य उज्जवल है लेकिन इसके लिए हमें सकारात्मक विचारों के साथ अपनी कमियों का काट खोजना होगा।"