कोलकाता। भारत ने विश्वास जताया है कि महिंद्रा सत्यम को अमेरिका के प्रतिभूति एवं विनियम आयोग (एसईसी) से न्याय मिलेगा।
सरकार ने अमेरिका से सत्यम मामले में जुर्माना लगाते समय नरमी बरतने का आग्रह पहले ही किया है।
कंपनी मामलात मंत्रालय में सचिव आर बंधोपाध्याय ने कहा दो दिन पहले ही मुझे यह जानकारी मिली है कि महिंद्रा सत्यम को न्यायोचित फैसला मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने अमेरिका तथा सेबी ने अपने समक्ष एसईसी से सत्यम पर जुर्माना नहीं लगाने का आग्रह किया था। भारत सरकार का तर्क है कि अगर संकट में फंसी महिंद्रा सत्यम पर इस समय कोई जुर्माना लगाया जाता है तो उसे फिर से खड़ा करने के प्रयास पूरी तरह सफल नहीं होंगे।
सत्यम कंप्यूटर सर्विस, अब महिंद्रा सत्यम के शेयर अमेरिकी शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हैं और उसे वहां जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा उसके खिलाफ दर्जनभर ‘क्लास एक्शन सुईट’ भी हैं।